SD24 News Network
पुलिस पर पथराव दो सिपाही घायल, अजब सिंह समेत 6 आरोपी फरार, मामला दर्ज
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के शाहदरा में रविवार शाम साढ़े सात बजे लॉकडाउन का पालन कराने गए दरोगा और सिपाही पर दुकानदार और उसके भाइयों ने हमला बोल दिया। उन पर ईंट-पत्थर फेंके। इससे अफरातफरी मच गई। पत्थर लगने से दरोगा विकास राणा घायल हो गए। सूचना पर थाने की पुलिस पहुंच गई। इस पर आरोपी घरों से भाग गए। पुलिस ने देर रात को मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।
नुनिहाई पुलिस चौकी के दरोगा विकास राणा और सिपाही रविंद्र रविवार शाम को क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। तभी शाहदरा स्थित बघेल बस्ती में अजब सिंह के किराना स्टोर के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई थी।
सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा था। यह देखकर दरोगा और सिपाही ने लोगों को दूर-दूर खड़े होने के लिए कहा। दुकानदार को भी समझाना शुरू कर दिया। इस पर दुकानदार और उसके चार-पांच भाई सहित अन्य लोग आ गए। वो पुलिसकर्मियों से उलझने लगे। मना करने पर घरों से पथराव कर दिया गया। दरोगा विकास राणा की आंख के पास पत्थर लग गया, जिससे वह घायल हो गए। दरोगा और सिपाही ने भागकर खुद को बचाया। घायल दरोगा को अस्पताल में उपचार दिलाया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक ने बताया कि भीड़ हटाने की कहने पर दुकानदार और उसके भाइयों ने हमला किया है। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
एक सप्ताह पहले भगवान टाकीज पर भी एक सिपाही पर हमला बोला गया था। सिपाही ने एक युवक को चेकिंग के दौरान रोका था। इस पर युवक ने चाकू से सिपाही पर हमला बोला था। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
लॉकडाउन का पालन कराना भी पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। लोग के वाहनों को रोकने पर बहुत से लोग कोई न कोई बहाना बनाते हैं। दुकानों पर भी सामान लेने आने की बात करते हैं। कई बार पुलिस की सख्ती पर उनसे उलझ भी रहे हैं।